अब्दुल गनी खान
भिवंडी में एक 57 वर्षीय व्यक्ति के बैंक खाते से 3 लाख 36 हजार 272 रुपये ऑनलाइन डेबिट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित को मोबाइल पर बैंक खाते से रकम निकलने के लगातार संदेश मिले, जिसके बाद उन्हें ऑनलाइन ठगी का पता चला। शिकायत के आधार पर शांतिनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अशोकनगर निवासी संजय सुकनराज जैन (57) नौकरी करते हैं। 25 मई की रात करीब 11 बजे वह अपने घर पर थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से रकम डेबिट होने के संदेश आने लगे।
संजय ने मोबाइल पर आए संदेशों की जांच की तो पता चला कि उनके बैंक खाते से अलग-अलग ऑनलाइन लेनदेन के जरिए कुल 3,36,272 रुपये निकाल लिए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने इनमें से कोई भी ऑनलाइन लेनदेन नहीं किया था। इसके बाद उन्होंने शांतिनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 3(5) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C), 66(D) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ऑनलाइन लेनदेन की कड़ियां जोड़ने और रकम किस खाते में पहुंची, इसकी जानकारी जुटाने में लगी है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक कोकरे कर रहे हैं।

