भिवंडी में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के दूसरे चरण का आगाज, 25 नवंबर तक चलेगा जनजागरण

भिवंडी

कांग्रेस की पत्रकार वार्ता में कार्यक्रमों की रूपरेखा घोषित, शहर के विभिन्न इलाकों में लगेंगी मतदाता जागरूकता चौपाल

अब्दुल गनी खान (भिवंडी)

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत रविवार को भिवंडी शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने अभियान के पहले चरण में किए गए जनजागरण कार्यक्रमों की जानकारी दी और दूसरे चरण के तहत शहरभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पेश की।

कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल के 5 अक्टूबर 2026 के परिपत्र के अनुसार यह अभियान 10 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलाया जा रहा है। इसके पहले चरण में 10 से 20 अक्टूबर तक नागरिकों को मतदान के संवैधानिक अधिकार के प्रति जागरूक करने और मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

विभिन्न इलाकों में लगेंगी मतदाता जागरूकता चौपाल

अभियान के दूसरे चरण में 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक भिवंडी के विभिन्न प्रभागों, बस्तियों और इलाकों में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ चौपाल’ आयोजित की जाएंगी। इन चौपालों के माध्यम से नागरिकों से सीधा संवाद कर मतदाता सूची में नाम की जांच, गलत प्रविष्टियों के प्रति जागरूकता और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के तहत 26 अक्टूबर को कांग्रेस पदाधिकारियों की समन्वय बैठक और 27 अक्टूबर को बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) व कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित करने की योजना है। वहीं, 28 अक्टूबर से बूथ स्तर पर मतदाता जागरूकता और मतदाता सूची के सत्यापन का अभियान चलाया जाएगा।

मतदाताओं की शिकायतों पर भी होगा फोकस

कांग्रेस की योजना के अनुसार, मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों को संकलित किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर नागरिकों को संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी या सक्षम प्राधिकारी के समक्ष नियमानुसार शिकायत दर्ज कराने और सुधार प्रक्रिया में मदद की जाएगी।

अभियान का उद्देश्य संविधान के अनुच्छेद 326 और वयस्क मताधिकार के महत्व को लोगों तक पहुंचाना, प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए प्रेरित करना और मतदान के अधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

     सोशल मीडिया के जरिए भी प्रचार

अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए भिवंडी शहर जिला कांग्रेस कमेटी का सोशल मीडिया विभाग फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप और एक्स के माध्यम से पोस्टर, वीडियो और जागरूकता संदेश प्रसारित करेगा। प्रत्येक चौपाल की रिपोर्ट तैयार कर जनभागीदारी और शिकायतों पर की गई कार्रवाई का रिकॉर्ड भी रखा जाएगा।

भिवंडी शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आबिद मुन्सफ खान के मार्गदर्शन में चलने वाले इस अभियान में ब्लॉक अध्यक्षों, कांग्रेस पदाधिकारियों, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, बूथ लेवल एजेंट और सोशल मीडिया विभाग की भागीदारी रहेगी।
अभियान का समापन 25 नवंबर को होगा। इसके बाद पूरे अभियान की समीक्षा कर एक समेकित रिपोर्ट कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व को सौंपी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *