भिवंडी में जमानत मिलने के बाद समर्थकों के साथ जुलूस निकालने का आरोप, मामला दर्ज

भिवंडी

भंडारी कंपाउंड में 30 से 35 समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन का आरोप

पटाखे फोड़ने और सड़क पर यातायात बाधित करने की शिकायत

विशेष संवाददाता| भिवंडी

भिवंडी के बालाजी नगर स्थित भंडारी कंपाउंड में जमानत मिलने के बाद कथित तौर पर जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन करने के मामले में भोईवाड़ा पुलिस ने जितेंद्र हरिलाल पाल और उसके 30 से 35 समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि जुलूस के दौरान सार्वजनिक सड़क पर पटाखे फोड़े गए और वाहनों की आवाजाही बाधित की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना 23 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 8:10 बजे की है। जितेंद्र पाल को नारपोली पुलिस थाने में दर्ज एक मामले में जमानत मिलने के बाद उसने कथित तौर पर समर्थकों के साथ भंडारी कंपाउंड इलाके में जुलूस निकाला। पुलिस का आरोप है कि इस आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी।शिकायत के मुताबिक, जुलूस के दौरान जितेंद्र पाल चारपहिया वाहन की सनरूफ से बाहर खड़ा था, जबकि उसके पीछे 15 से 20 दोपहिया वाहन चल रहे थे। आरोप है कि इस दौरान समर्थकों ने सार्वजनिक सड़क पर पटाखे फोड़े और वाहनों की आवाजाही रोक दी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। इस घटनाक्रम को लेकर सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।

प्रतिबंधात्मक आदेशों के उल्लंघन का आरोप

पुलिस के अनुसार, जुलूस के जरिए सार्वजनिक शांति भंग करने और ठाणे शहर पुलिस के प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने के आरोप में 26 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 223, 285, 126(2), 287 और 288 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मामला दर्ज किए जाने के समय आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। मामले की जांच पुलिस हवलदार जाधव कर रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *