वडपे-येवई नाका के बीच खोडियार माता मंदिर के पास हुआ हादसा, चालक ने समय रहते कूदकर बचाई जान
आदिल नोमानी| भिवंडी
भिवंडी के मुंबई-नाशिक महामार्ग पर रविवार को एक चलती पिकअप गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। वडपे और येवई नाका के बीच खोडियार माता मंदिर के पास हुई इस घटना में देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पिकअप वाहन धू-धूकर जलने लगा और उससे उठते काले धुएं के गुबार दूर तक दिखाई देने लगे।

घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग में पिकअप गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
आग लगने की घटना के चलते कुछ समय तक महामार्ग पर यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक ने शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

