विशेष संवाददाता उत्तर प्रदेश
मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा अभियान के अंतर्गत थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी में लिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1245 नशीली गोलियां, 480 नशीले कैप्सूल तथा एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा एवं थाना प्रभारी सिविल लाइन आशुतोष कुमार द्वारा किया गया।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 21 दिसंबर 2025 को नगर पालिका मार्केट, रेलवे रोड पर चेकिंग के दौरान दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रवीण जैन, जो कि एक मेडिकल स्टोर संचालक है, वैध दवाओं के साथ-साथ प्रतिबंधित नशीली दवाएं भी खरीदता था और अपने साथी मोहम्मद शाहवेज उर्फ सब्बन के साथ मिलकर उन्हें बेचकर अवैध लाभ अर्जित करता था।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/22/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। गिरफ्तार अभियुक्त शाहवेज उर्फ सब्बन का पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि अधिनियम से संबंधित आपराधिक इतिहास दर्ज बताया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता है, जिससे क्षेत्र में नशीली दवाओं की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

