भिवंडी के बाजारों में रक्षाबंधन की खरीदारी का उत्साह, महिलाओं की उमड़ी भीड़

भिवंडी

भिवंडी। भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार, 28 अगस्त को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर भिवंडी शहर के बाजारों में खरीदारी का उत्साह चरम पर है। राखी, कपड़े, मिठाई और ड्राईफ्रूट्स की खरीदारी के लिए बाजारों में महिलाओं और युवतियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने दुकानों को आकर्षक रोशनी से सजाया है।


दुकानदारों के मुताबिक, इस बार हस्तनिर्मित राखियों की मांग बढ़ी है। मुंबई, गुजरात, दिल्ली और राजस्थान से बिक्री के लिए आईं आकर्षक डिजाइन वाली राखियां महिलाओं को खूब पसंद आ रही हैं। बच्चों के लिए छोटा भीम, डोरेमॉन जैसे कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों के साथ सीटी, लाइट, रेल इंजन और हवाई जहाज के आकार की राखियों की भी अच्छी मांग है। इसके अलावा कमल, तिरंगा, राजनीतिक दलों के चिन्ह, हनुमान और श्रीकृष्ण की तस्वीर वाली राखियां भी बाजार में उपलब्ध हैं।

   50 से 200 रुपये तक सामान्य राखियां

शहर के बाजारों में सामान्य राखियां 50 से 200 रुपये तक बिक रही हैं। वहीं, सोने-चांदी की पॉलिश वाली राखियों की कीमत 1,000 से 3,000 रुपये तक है। महंगाई के बावजूद लोग पर्व को लेकर खरीदारी में कोई कमी नहीं कर रहे हैं।

रक्षाबंधन के साथ नारली पूर्णिमा को देखते हुए पारनाका बाजार, प्रभुआली, पद्मा नगर, शिवाजीनगर, तीनबत्ती, कल्याण रोड, धामणकर नाका, कामतघर, अंजुरफाटा, नजराना रोड, नारपोली और भंडारी कंपाउंड सहित शहर के विभिन्न इलाकों में राखी की दुकानें और ठेले सजे हुए हैं।

      साड़ी और ड्रेस मटेरियल पर छूट

राखी के साथ नई साड़ी और ड्रेस मटेरियल की खरीदारी भी जोर पकड़ रही है। महिलाओं की बढ़ती खरीदारी को देखते हुए दुकानदार 20 से 25 प्रतिशत तक की छूट देकर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। बाजारों में कपड़ों की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है।

   मिठाइयों और ड्राईफ्रूट्स की बढ़ी मांग

रक्षाबंधन पर मिठाइयों की खरीदारी भी तेज हो गई है। पेड़ा, लड्डू, बर्फी, जलेबी, काजू कतली और बंगाली मिठाइयों की मांग बढ़ी है। इसके अलावा काजू, बादाम और पिस्ता जैसे ड्राईफ्रूट्स की भी खूब बिक्री हो रही है। दुकानदारों को पर्व के अंतिम दिनों में बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *