पुलिसकर्मी ही निकले 61.50 लाख की लूट के आरोपी!

ठाणे भिवंडी

मुंबई-नासिक हाईवे पर अंगड़िया कंपनी की वैन रोककर वारदात, चालक-सहयोगी से मारपीट; पांच गिरफ्तार

ठाणे/शहापुर: मुंबई-नासिक महामार्ग पर अंगड़िया कंपनी की नकदी ले जा रही वैन को पुलिसकर्मी बनकर रोकने और 61.50 लाख रुपये लूटने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में ठाणे ग्रामीण पुलिस दल के एक कर्मचारी की कथित संलिप्तता सामने आई है। शहापुर पुलिस ने मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आशंका है कि वारदात में कुल सात से आठ लोग शामिल थे। फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही लूटी गई रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

एक करोड़ रुपये की नकदी लेकर निकली थी वैन

पुलिस के मुताबिक, वारदात 24 अगस्त की रात करीब 1:15 बजे मुंबई-नासिक हाईवे पर खर्डी गांव की सीमा में हुई। शिकायतकर्ता गोविंद हरगोविंदभाई पटेल (43) गुजरात के सूरत निवासी हैं और मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित के.पी. अंगड़िया कंपनी में वैन चालक के तौर पर काम करते हैं। वह अपने साथी जिगरभाई पटेल के साथ ग्वालियर से मुंबई के मालाड स्थित कार्यालय के लिए करीब एक करोड़ रुपये की नकदी लेकर रवाना हुए थे।

क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर रोकी वैन

हाईवे पर होटल तुलीप, खर्डी में भोजन करने के बाद दोनों आगे बढ़े। इसी दौरान तीन लोगों ने उनकी वैन को रोक लिया और शीशा खुलवाया। आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिसकर्मी बताते हुए वैन को पुलिस चौकी ले जाने की बात कही। इसके बाद वैन की चाबी अपने कब्जे में लेकर चालक गोविंद पटेल और उनके साथी जिगरभाई के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।

आरोपी दोनों को वैन में बैठाकर नासिक की दिशा में ले गए। बाद में मुंबई-नासिक हाईवे पर एक बंद होटल के पास वाहन रोककर उनके साथ दोबारा मारपीट की गई। आरोप है कि वैन में रखी करीब एक करोड़ रुपये की नकदी में से 61.50 लाख रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद आरोपी सफेद रंग की कार से मौके से फरार हो गए।

जांच में पुलिसकर्मी की भूमिका का खुलासा

घटना के बाद गोविंद पटेल की शिकायत पर शहापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शिकायत में आरोपियों के पुलिस की वर्दी में होने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने इस दिशा में भी जांच की। जांच आगे बढ़ने पर ठाणे ग्रामीण पुलिस दल के एक कर्मचारी की कथित भूमिका सामने आई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में वारदात में सात से आठ लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। इनमें कुछ आरोपी गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

नकदी अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर

शहापुर के डीवाईएसपी विशाल नागरगोजे के अनुसार, मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्तर पर जांच की जा रही है। आरोपियों के नाम फिलहाल सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, ताकि फरार आरोपियों को पुलिस कार्रवाई की भनक न लगे।

वहीं, शहापुर पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक विलास कदम ने बताया कि लूटी गई 61 लाख 50 हजार रुपये की रकम अभी बरामद नहीं हुई है। पुलिस फरार आरोपियों के साथ-साथ लूटी गई नकदी का भी पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *