भिवंडी रोड स्टेशन परिसर में गायत्री परिवार ने किया वृक्षारोपण

भिवंडी

माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष पर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

अब्दुल गनी खान | भिवंडी

अखिल विश्व गायत्री परिवार, भिवंडी शाखा की ओर से पर्यावरण संरक्षण आंदोलन अभियान के तहत भिवंडी रोड रेलवे स्टेशन के बाहर परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पीपल, बेल, गूलर समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं के साथ रेलवे और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर लिया संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम में लगाए गए पौधों को उपस्थित लोगों ने रक्षा सूत्र बांधा और उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है। पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है। स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ ही लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना भी जरूरी है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने वृक्ष संवर्धन और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करने का संकल्प लिया।

रेलवे-पुलिस अधिकारियों ने भी लिया हिस्सा

कार्यक्रम को सफल बनाने में गायत्री परिवार के पुरुष, महिला और युवा कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर भिवंडी के महापौर नारायण चौधरी, स्टेशन मास्टर एस.के. चौबे, रेलवे पुलिस के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर एच.के. यादव, एएसआई अनूप सिंह छायल, गायत्री परिवार के उपजोन समन्वयक उपेंद्र जोशी, सह-समन्वयक नीरज गुप्ता, जिला समन्वयक दिनकर सिंह, व्यवस्थापक पी.डी. यादव, विपुल खंडेलवाल, चिराग मालदे, सुनीता नायक समेत बड़ी संख्या में पुरुष, महिला और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *