भिवंडी मनपा आयुक्त अनमोल सागर ने सोमवार को प्रभाग समिति क्रमांक 5 के शौचालय विभाग की केबिन नंबर 32 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक कर्मचारी लगातार ड्यूटी से गैरहाजिर पाया गया।

आयुक्त ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ तत्काल रिपोर्ट पेश करने के निर्देश स्वास्थ्य निरीक्षक संतोष चव्हाण को दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने प्रभाग क्षेत्र में कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। इस दौरान कुछ कर्मचारी बिना यूनिफॉर्म के ड्यूटी पर पहुंचे हुए मिले। इस पर आयुक्त ने सभी कर्मचारियों को कार्यालयीन समय में निर्धारित यूनिफॉर्म और पहचान पत्र के साथ कार्यस्थल पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए।साथ हैी आयुक्त ने सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए काम के दौरान हाथों में दस्ताने और गमबूट पहनने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कर्मचारियों की सुबह और दोपहर, दोनों सत्रों में उपस्थिति दर्ज की जाए और इसकी रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए।आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि काम में जानबूझकर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे कर्मचारियों की लिखित रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

