भिवंडी में पहली बार सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान, 25 शिक्षक सम्मानित

भिवंडी

शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित हुआ सम्मान समारोह, जन कल्याण सामाजिक सेवा प्रतिष्ठान की पहल

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर भिवंडी जन कल्याण सामाजिक सेवा प्रतिष्ठान की ओर से पहली बार सेवानिवृत्त शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। पद्मानगर स्थित ग्लोबल इंटरनेशनल हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज में हुए कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र में योगदान देने वाले 25 सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य, शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।


संस्था के संस्थापक अध्यक्ष एडवोकेट प्रविण मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, सम्मान चिन्ह और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षिकाओं अस्मिता तांबे, मेघा जाधव और लक्ष्मी मेटे के स्वागत गीत से हुई। इसके बाद संस्थाध्यक्ष प्रविण मिश्रा ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी।

वरिष्ठ प्रधानाचार्य पी.एन. पाटील और उपप्राचार्य विनायक म्हसकर ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन दिलीप सालुंके ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महाले सर ने किया। समारोह का समापन वंदे मातरम के गायन के साथ हुआ।
समारोह में विधायक महेश चौघुले, महापौर नारायण चौधरी और भाजपा गुटनेता संतोष शेट्टी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए संस्था की इस पहल की सराहना की और आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
आयोजकों के अनुसार, शिक्षा के क्षेत्र में वर्षों तक सेवा देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *