मोहम्मद अली ढाबा और लाहोटी कंपाउंड तथा हनुमान टेकड़ी रोड के ठिकानों का शिकायत में जिक्र; युवाओं को नशे की ओर धकेलने का लगाया आरोप
अब्दुल गनी खान
भिवंडी: शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कथित तौर पर संचालित हो रहे हुक्का पार्लरों को लेकर पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग उठी है। शिवसेना (उद्धव बाळासाहेब ठाकरे) से संबद्ध भारतीय कामगार संघटना के भिवंडी शहर अध्यक्ष नजीर शब्बीर शेख ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत देकर कथित हुक्का पार्लरों पर छापेमारी कर उन्हें बंद कराने की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, तालूका पुलिस स्टेशन की हद में मोहम्मद अली ढाबा और भिवंडी शहर पुलिस की हद में लाहोटी कंपाउंड, इंदिरा नगर, छोटी हनुमान टेकड़ी और हनुमान टेकड़ी रोड, रूंगठा डाइंग के आगे, गोल्डन होटल के सामने कथित तौर पर हुक्का पार्लर संचालित किया जा रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन स्थानों पर दिन-रात हुक्का पार्लर चल रहा है।
‘युवा हो रहे नशे के आदी’
नजीर शब्बीर शेख ने शिकायत में आरोप लगाया है कि इन कथित हुक्का पार्लरों में बड़ी संख्या में युवक पहुंच रहे हैं और हुक्का सेवन कर रहे हैं। उनका दावा है कि इसके कारण शहर के कई युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं और उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से मांग की है कि बताए गए स्थानों पर तत्काल छापेमारी कर हुक्का कारोबार की जांच की जाए और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ लागू हुक्का-बंदी कानून के तहत कार्रवाई की जाए।
‘पैसे के दम पर दोबारा न खुलें’
शिकायत में यह भी मांग की गई है कि कार्रवाई के बाद कथित हुक्का पार्लर दोबारा शुरू न हो सकें, इसके लिए पुलिस प्रभावी निगरानी रखे। शिकायतकर्ता ने कथित कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत की प्रतियां ठाणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, अंबाडी विभाग के पुलिस उपअधीक्षक, भिवंडी शहर के सहायक पुलिस आयुक्त तथा भिवंडी शहर और भिवंडी तालुका पुलिस स्टेशनों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दिए जाने का उल्लेख है।
अब निगाह पुलिस की कार्रवाई पर है। शिकायत में जिन स्थानों का उल्लेख किया गया है, वहां पुलिस जांच में क्या सामने आता है और क्या कथित हुक्का कारोबार के खिलाफ कार्रवाई होती है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

