भिवंडी मनपा क्षेत्र में जल्द दौड़ेंगी 100 इलेक्ट्रिक सिटी बसें

भिवंडी

केंद्र सरकार के सहयोग से शुरू होगी सेवा, चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम शुरू

विषेश संवाददाता | भिवंडी

भिवंडी शहर में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए महानगरपालिका जल्द ही 100 इलेक्ट्रिक सिटी बसें शुरू करने की तैयारी में है। केंद्र सरकार के सहयोग से शुरू होने वाली इस योजना से शहरवासियों को सस्ते और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से शहर में सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी।

भिवंडी महानगरपालिका मुख्यालय में महापौर नारायण चौधरी की अध्यक्षता में हाल ही में बैठक हुई। इसमें भिवंडी और कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित बस सेवा को लेकर चर्चा की गई। बैठक में विधायक महेश चौघुले सहित मनपा के उपायुक्त और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
महापौर चौधरी के अनुसार, बस सेवा शुरू करने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में 4 चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी की जा रही है। कोंबड़पाड़ा, टेमघर, शांतिनगर और कल्याण रोड सहित अन्य क्षेत्रों में इसके लिए जगह चिह्नित की गई है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार, परिवहन विभाग और कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका के साथ समन्वय स्थापित कर योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।
नगरपालिका से महानगरपालिका बने भिवंडी को करीब 25 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक शहर में मनपा की अपनी यात्री बस सेवा शुरू नहीं हो सकी है। प्रस्तावित योजना के तहत भिवंडी के साथ कल्याण और उल्हासनगर को जोड़ने वाली ई-बस सेवा शुरू करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसके लिए तीनों शहरों के बीच समन्वय और परिवहन व्यवस्था की योजना बनाई जा रही है।
सस्ते सफर के साथ प्रदूषण कम होने की उम्मीद
महापौर ने कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से नागरिकों को किफायती सार्वजनिक परिवहन मिलेगा। इससे निजी दोपहिया वाहनों पर निर्भरता कम करने और शहर में प्रदूषण घटाने में भी मदद मिल सकती है। बस सेवा से महानगरपालिका के लिए आय का एक नया स्रोत भी विकसित होने की उम्मीद है।
हालांकि, बसों के संचालन की शुरुआत, रूट, किराया और समय-सारणी को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। नागरिकों को अब इस योजना के धरातल पर उतरने और नियमित बस सेवा शुरू होने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *