गणेश विसर्जन घाटों के रास्तों पर तुरंत जलाएं स्ट्रीट लाइट

भिवंडी

ताडाळी और कामतघर घाट जाने वाले मार्गों पर अंधेरा, हादसे की आशंका; नगरसेवक निलेश चौधरी ने मनपा आयुक्त से की त्वरित कार्रवाई की मांग

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: गणेशोत्सव के दौरान ताडाळी और कामतघर गणेश विसर्जन घाटों पर बड़ी संख्या में पहुंचने वाले गणेशभक्तों की सुरक्षा को लेकर नगरसेवक निलेश हरिश्चंद्र चौधरी ने भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। चौधरी ने मनपा आयुक्त को निवेदन देकर दोनों विसर्जन घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर पर्याप्त पथदिवे लगाने और बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल शुरू कराने की मांग की है।

नगरसेवक चौधरी के अनुसार, गणेशोत्सव के दौरान शाम और रात के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए घाटों की ओर जाते हैं। ऐसे में रास्तों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विशेष रूप से अंधेरे में पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं, महिलाओं, बच्चों और गणेश मंडलों के सदस्यों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने अपने निवेदन में ताडाळी गणेश विसर्जन घाट और कामतघर गणेश विसर्जन घाट की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके साथ ही ओसवाल स्कूल से कामतघर गणेश विसर्जन घाट तक बंद पड़े स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करने पर भी जोर दिया है।
गणेश विसर्जन के दौरान रात के समय इन मार्गों पर वाहनों के साथ पैदल श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में खराब या बंद स्ट्रीट लाइट के कारण सड़क पर दृश्यता कम होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। चौधरी ने मनपा प्रशासन से विसर्जन से पहले संबंधित मार्गों का निरीक्षण कर खराब पथदिवे दुरुस्त करने और जहां जरूरत हो वहां अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने की मांग की है।
गणेशभक्तों की सुरक्षा और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए मनपा प्रशासन इस मामले में तत्काल कार्रवाई करे, ताकि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को अंधेरे और अव्यवस्था का सामना न करना पड़े, ऐसी मांग नगरसेवक निलेश हरिश्चंद्र चौधरी ने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *