जलती चिता की आग पर मांस पकाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

देश

श्मशान घाट में बेटे ने देखा तो मचा हड़कंप, विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के पुवायां क्षेत्र में श्मशान घाट से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जलती चिता की आग पर कथित तौर पर मांस पकाने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला नत्थापुर गांव का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, नत्थापुर गांव निवासी 75 वर्षीय छोटेलाल का 20 सितंबर को आकस्मिक निधन हो गया था। परिजनों ने पास के श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया। देर शाम मृतक का बेटा वीरपाल श्मशान घाट की ओर से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर कुछ लोगों पर पड़ी, जो जलती चिता की आग के पास कुछ पका रहे थे।

वीरपाल ने पास जाकर देखा तो कथित तौर पर चिता की आग पर मांस पकाया जा रहा था। यह देखकर उसने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद वीरपाल ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामचरन, राजेंद्र और सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ के दौरान तीनों आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए नजर आए।

पुलिस के मुताबिक, मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 301, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना के संबंध में अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *