नहटौर में पहली बार महात्मा विदुर के नाम पर ब्रदरहुड अवार्ड, NEET विद्यार्थियों और पत्रकारों का भी सम्मान

उत्तर प्रदेश

राष्ट्र रत्न महात्मा विदुर ब्रदरहुड अवार्ड’ समारोह में समाजसेवा, पत्रकारिता और शिक्षा क्षेत्र की प्रतिभाओं को मिला सम्मान

नहटौर। नगर के हार्मनी सी.आर. फार्म हॉल में लेट हाजी अल्लाह दिया अंसारी फाउंडेशन के तत्वावधान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, पत्रकारिता, समाजसेवा और सामाजिक सद्भाव के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘राष्ट्र रत्न महात्मा विदुर ब्रदरहुड अवार्ड’ रहा। आयोजकों के अनुसार, बिजनौर जिले में पहली बार महाभारतकालीन महात्मा विदुर के नाम पर यह पुरस्कार उन समाजसेवियों को प्रदान किया गया, जिन्होंने समाज में प्रेम, शांति, एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया है।

समारोह में जिले के NEET परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले 12 विद्यार्थियों को ‘भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम NEET एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों का भी शॉल और फूल मालाओं से स्वागत किया गया। वहीं, जिले और नगर के प्रमुख पत्रकारों को ‘सर कुलदीप नय्यर एक्सीलेंस इन जर्नलिज्म अवार्ड’ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी एवं उद्योगपति साहू सुधीर कुमार अग्रवाल रहे, जबकि अध्यक्षता प्रसिद्ध समाजसेवी सैयद अवेस जकी ने की। इस अवसर पर समाजसेवी अमन कुमार अग्रवाल ‘गोलू’, समाजसेवी मोहित भारद्वाज, डॉ. परवेज आलम, डॉ. लुकमान हैदर सलमानी, जावेद फरीदी गोला, सलीम सैफी, पत्रकार जहीन अंसारी, आबिद अंसारी, विपिन कुमार वर्मा, अजहान अंसारी, निधि शर्मा, फैजान खान, ऋषभ जैन सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पुरस्कार विजेताओं और सम्मानित अतिथियों को अतिथियों के कर-कमलों द्वारा अवार्ड ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

संस्था के अध्यक्ष एवं आयोजक जियाउल हसन अंसारी ने कहा कि समाज को ईर्ष्या, द्वेष और नफरत से ऊपर उठकर धर्म एवं जाति के भेदभाव से परे एकजुट होकर आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को स्वयं को एक ‘बिजनौरी’ मानते हुए महात्मा विदुर के आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रेम, शांति, एकता और भाईचारे के लिए कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम के सह-आयोजक डॉ. शशांक भूषण गौतम (डॉ. बिट्टू) ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि अवार्ड और ट्रॉफी केवल सम्मान का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देते हैं। उन्होंने सम्मानित लोगों से भविष्य में समाज के लिए और अधिक सेवा कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन रईस अहमद उस्मानी और शमीम ब्लॉग्स ने किया। प्रसिद्ध बिजनौरी गीत गायक अक्षय चौधरी ने अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में समां बांध दिया। समारोह में शिक्षा, पत्रकारिता, समाजसेवा और भाईचारे से जुड़े बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *