जेद्दा में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और सऊदी हज मंत्री के बीच समझौते पर हस्ताक्षर; हाजियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर भी हुई चर्चा
आदिल नोमानी
भारत और सऊदी अरब ने हज 2027 की तैयारियों को लेकर द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत भारत को आगामी हज यात्रा के लिए 1,75,025 हाजियों का कोटा आवंटित किया गया है। इससे वर्ष 2027 में बड़ी संख्या में भारतीय मुस्लिम श्रद्धालुओं को हज यात्रा करने का अवसर मिलेगा।

यह समझौता 9 नवंबर को जेद्दा में केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू और सऊदी अरब के हज एवं उमरा मंत्री डॉ. तौफीक बिन फौज़ान अल-रबिया के बीच हुई बैठक के बाद संपन्न हुआ। दोनों मंत्रियों ने हज 2027 की तैयारियों और भारतीय श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में हाजियों की यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुचारु बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा आवास, यात्रा सुविधाओं, व्यवस्थाओं में सुधार और श्रद्धालुओं की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
दोनों देशों ने भारतीय हाजियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी हज यात्रा को सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए आपसी सहयोग जारी रखने पर सहमति जताई।
1.75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को मिलेगा अवसर
हज 2027 के लिए निर्धारित 1,75,025 हाजियों का कोटा भारत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समझौते के बाद अब आगामी हज यात्रा की तैयारियों को लेकर दोनों देशों के संबंधित विभागों के बीच समन्वय और व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।

