भिवंडी में सागर भटियारखाने पर खाद्य सुरक्षा का सवाल! गंदे पानी के बीच बन रही रोटियां?

भिवंडी

वंजारपट्टी नाके पर रोटी बनाने की जगह के पास ड्रेनेज का गंदा पानी जमा होने का आरोप, ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ की आशंका

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी के वंजारपट्टी नाके पर स्थित सागर भटियारखाने में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि होटल में रोटी बनाने की जगह के पास स्थित गली में इमारत की ड्रेनेज लाइन लीक होने से गंदा पानी बह रहा है। इसी गंदगी के बीच होटल के कर्मचारियों को काम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, गली में बहने वाला गंदा पानी रोटी बनाने की जगह तक पहुंचने की आशंका है। ऐसे में आटे और तैयार रोटियों के दूषित होने का खतरा पैदा हो सकता है। यदि यह स्थिति सही पाई जाती है, तो होटल में भोजन करने वाले ग्राहकों की सेहत के लिए गंभीर जोखिम पैदा हो सकता है।

क्या खाद्य सुरक्षा नियमों का हो रहा है उल्लंघन?

खाद्य पदार्थ तैयार करने वाली जगह पर साफ-सफाई बनाए रखना बेहद जरूरी है। गंदे पानी, खुले नालों और दूषित वातावरण के बीच भोजन तैयार करना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे में संबंधित प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी है कि मौके का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच करें।

        प्रशासन कब करेगा कार्रवाई?

इस मामले में संबंधित अधिकारियों से मांग है कि सागर भटियारखाने की रोटी बनाने वाली जगह का तत्काल निरीक्षण किया जाए, ड्रेनेज लाइन की समस्या दूर कराई जाए और साफ-सफाई के मानकों की जांच की जाए। यदि जांच में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो दूषित भोजन के कारण ग्राहकों को खाद्य जनित बीमारी का खतरा हो सकता है। अब देखना यह है कि संबंधित प्रशासन इस मामले में कब संज्ञान लेता है और लोगों की सेहत की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाता है।

कैमरे की नजर से भिवंडी की जमीनी हकीकत सामने लाने की कोशिश—सवाल जनता की सेहत का है, जवाब प्रशासन को देना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *