लोढ़ाधाम इलाके में हादसे के बाद चालक फरार, करीब 15 दिन बाद नारपोली पुलिस ने दर्ज किया मामला
आदिल नोमानी
भिवंडी। भिवंडी के मानकोली स्थित लोढ़ाधाम इलाके में सीमेंट मिक्सर ट्रक की टक्कर से बुलेट मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया। आरोप है कि ट्रक चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मारी और हादसे के बाद घायल की मदद किए बिना मौके से फरार हो गया। नारपोली पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घायल की पहचान चेतन सुमंत बर्वे (50) के रूप में हुई है। वह डोंबिवली से दहिसर की ओर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल (MH 04 GW 3309) से जा रहे थे। 30 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:15 बजे मानकोली के लोढ़ाधाम इलाके में एक सीमेंट मिक्सर ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ट्रक चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर के कारण चेतन बर्वे के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई और उनकी बुलेट मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक कथित तौर पर बिना सूचना दिए मौके से फरार हो गया।
15 दिन बाद दर्ज हुआ मामला
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दुर्घटना 30 सितंबर को हुई थी, जबकि मामले की शिकायत और संबंधित दस्तावेज 15 अक्टूबर 2026 को प्राप्त होने के बाद नारपोली पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(अ), 125(ब) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फिलहाल आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच पुलिस हवलदार समीर ठाकरे कर रहे हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार चालक की पहचान का पता लगाने में जुटी है।

