ॐ जय बाबा मित्र मंडल की बंगाली पद्धति से दुर्गा पूजा, शहरभर में हो रही सराहना
अब्दुल गनी खान| भिवंडी
भिवंडी के श्रीरंग नगर स्थित रवि पाटिल कंपाउंड में ॐ जय बाबा मित्र मंडल द्वारा आयोजित 19वां सार्वजनिक नवरात्र जागरण उत्सव श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बंगाली पद्धति से स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के दर्शन के लिए प्रतिदिन भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, मंडल द्वारा आयोजित गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए युवाओं और महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मंडल की आकर्षक सजावट और धार्मिक आयोजनों की शहरभर में सराहना हो रही है।

मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने बताया कि इस वर्ष मां दुर्गा की महिषासुर मर्दिनी स्वरूप में आठ फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके साथ मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, हनुमानजी, भगवान शंकर और विघ्नहर्ता गणेशजी की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। सभी प्रतिमाएं मिट्टी से निर्मित हैं और पूरे पंडाल को बंगाली परंपरा के अनुरूप सजाया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन सुबह नौ बजे आरती और रात आठ बजे ढोल-हारमोनियम की संगत तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाआरती की जाती है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद लेते हैं। धार्मिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न दिनों में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, गरबा और डांडिया का आयोजन भी किया जा रहा है।
मंडल के कार्याध्यक्ष विजय मिश्रा और कोषाध्यक्ष राकेश केसरवानी ने बताया कि विलुप्त होती सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने और बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता और जादूगर के कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। इसके अलावा प्रतिदिन सुंदरकांड पाठ और भंडारे की व्यवस्था की गई है, जिसमें मंडल के कार्यकर्ता सक्रिय योगदान दे रहे हैं।

उत्सव को सफल बनाने के लिए उपाध्यक्ष मंचल पांडे, रवि तिवारी, सुजीत तिवारी, व्यवस्थापक सुधाकर तिवारी, विनोद त्रिपाठी, रविंद्र तिवारी, राजेश शुक्ला, शिवचंद केसरवानी, प्रदीप केसरवानी, चंचल पांडेय, पवन केसरवानी, सुनील जायसवाल, मोहित, रोहित, अमित केसरवानी और सुरेश, कल्लू वायरमैन सहित मंडल के अन्य सदस्य विशेष मेहनत कर रहे हैं।

