भिवंडी में दुर्गा माता मंदिर में लाखों की चोरी, 60 से अधिक साड़ियां और कीमती सामान गायब

भिवंडी

गेट का ताला तोड़कर मंदिर में घुसे चोर, बड़ी घंटी और तांबे-पीतल के सामान पर किया हाथ साफ; वारदात CCTV कैमरे में कैद

आदिल नोमानी
भिवंडी : भिवंडी के दुर्गा कंपाउंड स्थित अमजदिया रोड पर दुर्गा माता मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर के गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मंदिर से बड़ी घंटी, तांबे-पीतल के सामान समेत माता रानी को पहनाने के लिए रखी गई 60 से अधिक साड़ियां चोरी कर लीं। चोरी की इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले में शांतिनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है।

       ताला तोड़कर मंदिर में घुसे चोर

मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़ा। इसके बाद मंदिर की खिड़की को भी तोड़कर अंदर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। मंदिर से बड़ी घंटी, तांबे और पीतल के सामान तथा माता रानी के श्रृंगार के लिए रखी गई 60 से अधिक साड़ियां चोरी होने की जानकारी सामने आई है। चोरी गए सामान की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है।

      CCTV कैमरे में कैद हुई वारदात

इस चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस के लिए फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान करना अहम होगा। पुलिस जांच में फुटेज से क्या सुराग मिलते हैं और आरोपी कब तक पकड़े जाते हैं, इस पर स्थानीय लोगों की नजर है।

बाबला कंपाउंड क्षेत्र में बढ़ती चोरियों से चिंता

स्थानीय लोगों के अनुसार, बाबला कंपाउंड और आसपास के इलाकों में इन दिनों चोरी की घटनाएं बढ़ने से नागरिकों में चिंता का माहौल है। मंदिर जैसी धार्मिक जगह को निशाना बनाए जाने से लोगों में नाराजगी है। नागरिकों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

फिलहाल, शांतिनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच से जुड़े आधिकारिक विवरण और आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *