भिवंडी के कपड़ा व्यापारी से 95.25 लाख की कथित धोखाधड़ी, श्री साई फैब्रिक के संचालक पर केस

भिवंडी

विहान टेक्सटाइल्स से उधार खरीदा कच्चा कपड़ा, दलाल से मिलीभगत कर भुगतान नहीं करने आरोप

विशेष संवाददाता | भिवंडी

भिवंडी के अंजुरफाटा इलाके में कपड़ा कारोबार के नाम पर 95 लाख 25 हजार 863 रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। श्री साई फैब्रिक के संचालक और एक दलाल पर विहान टेक्सटाइल्स से उधार में कच्चा कपड़ा खरीदकर बकाया रकम का भुगतान नहीं करने का आरोप है। इस मामले में नारपोली पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, अंजुरफाटा स्थित विहान टेक्सटाइल्स के संचालक अक्षय शांताराम जाधव (32) ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि 30 अक्टूबर 2022 से आरोपियों के साथ कारोबारी लेनदेन चल रहा था।आरोप है कि श्री साई फैब्रिक के संचालक और एक दलाल ने व्यापार का भरोसा दिलाकर उनसे बड़ी मात्रा में कच्चा कपड़ा उधार खरीदा। इसके बाद माल की कीमत और ब्याज सहित कुल 95 लाख 25 हजार 863 रुपये का भुगतान नहीं किया। बार-बार मांग करने के बावजूद आरोपियों ने रकम देने से इनकार कर दिया।इसके बाद व्यापारी ने नारपोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक धनराज केदार कर रहे हैं। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *