पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला की राहें हुईं जुदा, 13 साल का रिश्ता खत्म

देश

आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम ने पत्नी के साथ जारी किया संयुक्त बयान, बोले- दोस्त बने रहेंगे; बच्चों की खुशहाली रहेगी पहली प्राथमिकता
विशेष संवाददाता
हैदराबाद। आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण तथा उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने 13 साल के वैवाहिक रिश्ते को समाप्त करने का फैसला किया है। दोनों ने आपसी सहमति और सम्मान के साथ अलग होने की घोषणा करते हुए स्पष्ट किया कि वे आगे भी दोस्ताना संबंध बनाए रखेंगे और अपने बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे। इस खबर के सामने आने के बाद राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

    संयुक्त बयान जारी कर मांगी निजता

पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने संयुक्त बयान में कहा कि जिंदगी का महत्वपूर्ण हिस्सा साथ बिताने के बाद उन्होंने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का निर्णय लिया है। हालांकि उनका वैवाहिक रिश्ता खत्म हो रहा है, लेकिन वे अच्छे दोस्त और अपने बच्चों के प्रति समर्पित माता-पिता बने रहेंगे। बच्चों की खुशी और भलाई उनकी साझा प्राथमिकता होगी।


दंपति ने इस व्यक्तिगत बदलाव के दौर में शुभचिंतकों से समझदारी, संवेदनशीलता और निजता का सम्मान करने की अपील की है। साथ ही, साथ देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार भी जताया है।

    सितंबर 2013 में हुई थी तीसरी शादी

जनसेना पार्टी (JSP) के संस्थापक और लोकप्रिय तेलुगु अभिनेता पवन कल्याण ने सितंबर 2013 में अन्ना कोनिडेला से तीसरी शादी की थी। दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं। अन्ना मूल रूप से रूस की रहने वाली हैं। पवन कल्याण की पहली शादी नंदिनी से वर्ष 1997 में हुई थी, जबकि दूसरी शादी अभिनेत्री रेणु देसाई से वर्ष 2009 में हुई थी। रेणु देसाई से उनके दो बच्चे हैं।

      अलग होने की वजह नहीं बताई

पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने अपने संयुक्त बयान में अलग होने के पीछे किसी विशेष कारण का खुलासा नहीं किया है। दोनों ने अपने निजी जीवन से जुड़े इस फैसले पर सार्वजनिक चर्चा से बचने और उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *