शहापुर के करपटवाड़ी में आदिवासी और किसानों से किया संवाद, नुकसान की भरपाई का भरोसा
आदिल नोमानी
ठाणे। दिवाली के अवसर पर राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक ने शहापुर तालुका के करपटवाड़ी (ढाढरे) गांव पहुंचकर आदिवासी और किसान परिवारों के साथ दिवाली मनाई। इस दौरान उन्होंने खेतों में जाकर फसलों का निरीक्षण किया और किसानों की समस्याएं सुनीं। दौरे के दौरान आदिवासी परिवारों को राशन किट और दिवाली उपहार भी वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के किसानों के साथ दिवाली मनाने के आह्वान पर वन मंत्री ने यह दौरा किया। उन्होंने खेतों में धान, उड़द, नागली और खुरासनी की फसलों का जायजा लिया तथा प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान और किसानों की परेशानियों की जानकारी ली।
इस अवसर पर पूर्व विधायक पांडुरंग बरोरा ने किसानों को आश्वस्त किया कि सभी प्रभावित किसानों को नुकसान भरपाई दिलाने के लिए ईमानदारी से प्रयास किए जाएंगे। किसानों की समस्याओं और मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर उचित न्याय दिलाने का भी भरोसा दिया।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल, पूर्व विधायक पांडुरंग बरोरा, वन विभाग के उपवन संरक्षक दीपेश मल्होत्रा, गट विकास अधिकारी बीएच राठौड़, तालुका कृषि अधिकारी कुमार जाधव सहित वन, राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि फसल नुकसान की भरपाई और अन्य सरकारी सहायता के माध्यम से सरकार संकट की इस घड़ी में किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।

