हिंदू-मुस्लिम एकता और जरूरतमंदों की मदद के प्रयासों की तारीफ, सांसद बोले- हर कदम पर साथ खड़े रहेंगे
कुंडा (प्रतापगढ़): समाजसेवा और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के प्रयासों को लेकर कुंडा के समाजसेवक नजम हसन को सम्मानित किया गया। सांसद पुष्पेंद्र सरोज से मुलाकात के दौरान उन्होंने नजम हसन को शॉल ओढ़ाकर सम्मान दिया। इस मौके पर सांसद ने कुंडा में उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुलाकात के दौरान सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने कहा कि नजम हसन कुंडा में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। हिंदू-मुस्लिम एकता, आपसी भाईचारे और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए उनका प्रयास प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा के इस कार्य में वे उनके साथ हैं और जरूरत पड़ने पर हर कदम पर सहयोग के लिए खड़े रहेंगे।
वहीं, सम्मान मिलने पर समाजसेवक नजम हसन ने सांसद पुष्पेंद्र सरोज का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनका प्यार, सम्मान और सहयोग उनके लिए बड़ी प्रेरणा है। नजम हसन ने आगे भी बिना किसी भेदभाव के गरीबों, असहायों और जरूरतमंदों की मदद जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
उन्होंने कहा कि समाज में अमन, शांति और भाईचारे का संदेश फैलाना तथा सभी वर्गों के बीच आपसी सद्भाव बनाए रखना उनके सामाजिक कार्यों का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।

