नागांव के अंसार नगर में बिना अनुमति निर्माण का मामला, पीपल्स रिपब्लिकन पार्टी ने मनपा प्रशासन से एमआरटीपी के तहत कार्रवाई की मांग की
अरविंद जैसवाल
भिवंडी: भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका क्षेत्र में अवैध निर्माण का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। नागांव के अंसार नगर स्थित वेलकम, घर नंबर 1509/2 में कथित तौर पर बिना किसी वैध अनुमति के छह मंजिला इमारत खड़ी किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीपल्स रिपब्लिकन पार्टी ने इस मामले में महानगरपालिका प्रशासन को लिखित निवेदन देकर अवैध निर्माण तत्काल निष्कासित करने की मांग की है।

पीपल्स रिपब्लिकन पार्टी के ठाणे ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष अय्युब बहाउद्दीन सय्यद ने मनपा आयुक्त तथा प्रभाग समिति क्रमांक-1 के सहायक आयुक्त को दिए निवेदन में आरोप लगाया है कि उक्त स्थान पर पुरानी संपत्ति को तोड़कर असलम नामक बिल्डर द्वारा छह मंजिला इमारत का निर्माण किया गया है। पार्टी का दावा है कि यह निर्माण बिना अनुमति और नियमों का उल्लंघन कर किया गया है।
मार्जिन छोड़े बिना निर्माण, घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप
निवेदन में आरोप लगाया गया है कि इमारत के निर्माण के दौरान आसपास आवश्यक मार्जिन नहीं छोड़ा गया और निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया दर्जे की सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। पार्टी ने निर्माण कार्य पर संबंधित अधिकारियों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
एमआरटीपी के तहत कार्रवाई और इमारत निष्कासित करने की मांग
पीपल्स रिपब्लिकन पार्टी ने महानगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि संबंधित इमारत को लेकर तत्काल एमआरटीपी कानून के तहत नोटिस जारी किया जाए, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाए तथा अवैध निर्माण को निष्कासित किया जाए।
पार्टी ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी लिखित रूप में उपलब्ध कराई जाए। अब इस शिकायत के बाद महानगरपालिका प्रशासन संबंधित निर्माण की जांच कर क्या कार्रवाई करता है, इस पर स्थानीय नागरिकों की नजरें टिकी हुई हैं।

