महिलाओं के कपड़े फाड़ने और धारदार वस्तु व डंडे से हमला करने के भी आरोप
विशेष संवाददाता| भिवंडी
भिवंडी के रोशनबाग स्थित शर्वरी अपार्टमेंट में बच्ची को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और मारपीट हुई। महिलाओं के साथ अभद्रता करने, कपड़े फाड़ने तथा धारदार वस्तु और लकड़ी के डंडे से हमला करने के आरोप लगाए गए हैं। घटना में एक व्यक्ति और एक महिला घायल हुए हैं। मामले में भोईवाड़ा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग केस दर्ज किए हैं।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, इस्लामपुरा निवासी शोएब शमिम मोमीन (49) अपने साले इमरान और शबनम के साथ 15 नवंबर को इमरान की बेटी मरियम की तलाश में शर्वरी अपार्टमेंट पहुंचे थे। शाम करीब 4 बजे बच्ची के बारे में पूछताछ करने पर घर में मौजूद महिलाओं के साथ उनका विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि सादिया उर्फ सोनम और निसा ने शबनम के साथ धक्कामुक्की कर उसके कपड़े फाड़ दिए। वहीं, निम्मो ने धारदार वस्तु से शोएब के सिर पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। उमैरा पर इमरान के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप है।वही दूसरी तरफ शर्वरी अपार्टमेंट में रहने वाली 25 वर्षीय महिला ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि 15 नवंबर की शाम इमरान, शोएब, शबनम और एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुस आए तथा वहां मौजूद महिलाओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। शिकायतकर्ता ने शोएब पर अभद्र व्यवहार करने, इमरान पर बाल खींचने तथा अज्ञात व्यक्ति पर लात मारकर गिराने का आरोप लगाया है। इसके अलावा इमरान पर उसकी बहन सादिया के माथे पर लकड़ी के डंडे से हमला करने का आरोप लगाया गया है।भोईवाड़ा पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर सादिया उर्फ सोनम, निसा, निम्मो और उमैरा के खिलाफ, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर इमरान, शोएब, शबनम और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक कुचेकर कर रहे हैं।

