भिवंडी में 8 दिन बाद खुलीं साइजिंग यूनिटें, अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म

भिवंडी

साइजिंग दरों में बढ़ोतरी पर सहमति, 16 नवंबर सुबह 7 बजे से उत्पादन शुरू; बिल भुगतान के लिए 15 दिन की समयसीमा तय

अब्दुल गनी खान| भिवंडी

भिवंडी के कपड़ा उद्योग के लिए राहत भरी खबर है। पिछले आठ दिनों से जारी साइजिंग उद्योग की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। साइजिंग उद्योग से जुड़ी समस्याओं और दरों में बढ़ोतरी की मांग को लेकर 8 नवंबर से बंद सभी यूनिटें सोमवार, 16 नवंबर की सुबह 7 बजे से फिर शुरू हो गई हैं। उद्योग में कामकाज बहाल होने से पावरलूम कारोबारियों और हजारों श्रमिकों को राहत मिली है।

बैठक में हड़ताल समाप्त करने का फैसला

भिवंडी साइजिंग वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय यादव की अध्यक्षता में 15 नवंबर को कार्यकारिणी और कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें उद्योग की मौजूदा परिस्थितियों और समस्याओं पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। बैठक में साइजिंग की मौजूदा दरों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

कॉटन और पीवी/पीसी साइजिंग की दरें बढ़ेंगी

एसोसिएशन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, कॉटन साइजिंग की दर में 11 रुपये प्रति किलो और पीवी/पीसी साइजिंग की दर में 13 रुपये प्रति किलो अतिरिक्त बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। इसके साथ ही साइजिंग यूनिटों के बिल भुगतान के लिए भी समयसीमा निर्धारित की गई है।

निर्णय के अनुसार, बिल प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर पूरा भुगतान करना अनिवार्य होगा। यदि किसी महीने का बिल अगले महीने की 1 तारीख को जारी किया जाता है, तो उसका भुगतान 15 तारीख तक करना होगा।

प्रदूषण नियंत्रण नियमों का पालन अनिवार्य

बैठक में सभी साइजिंग यूनिटों को महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल की अनुमति के अनुसार कोयला और बायोफ्यूल जैसे निर्धारित ईंधन का ही इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसोसिएशन ने सभी सदस्यों से संगठन के निर्णयों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की है।

मंदी और बढ़ती लागत से संकट में था उद्योग

गौरतलब है कि कपड़ा उद्योग में मंदी, कच्चे माल की बढ़ती कीमतें, मजदूरी में वृद्धि, कुशल श्रमिकों की कमी और सरकारी नियमों के अनुपालन से बढ़ती उत्पादन लागत के कारण साइजिंग उद्योग आर्थिक संकट से गुजर रहा था। इन्हीं समस्याओं के समाधान और साइजिंग दरों में बढ़ोतरी की मांग को लेकर 8 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की गई थी।
आठ दिनों तक चली बंदी का असर भिवंडी के पावरलूम उद्योग पर भी पड़ने लगा था। अब साइजिंग यूनिटों में उत्पादन बहाल होने से कपड़ा उद्योग को फिर से गति मिलने और कारोबार सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *