दो महिलाओं, एक युवती और दो पुरुषों के अचानक गायब होने से परिजनों में चिंता; नारपोली और शांतिनगर पुलिस ने दर्ज किए मामले
आदिल नोमानी| भिवंडी
भिवंडी शहर के विभिन्न इलाकों से पांच लोगों के अचानक लापता होने की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें 19 वर्षीय युवती से लेकर 60 वर्षीय महिला तक शामिल हैं। दो महिलाओं, एक युवती और दो पुरुषों के लापता होने से परिजन परेशान हैं। अपहरण की आशंका जताते हुए परिजनों ने नारपोली और शांतिनगर पुलिस थानों में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत पांच अलग-अलग मामले दर्ज कर लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
अंजुर से 19 वर्षीय युवती लापता
नारपोली पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंजुर स्थित अलीमघर इलाके में रहने वाली 19 वर्षीय युवती 14 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे घर से बिना बताए निकल गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
60 वर्षीय महिला का नहीं मिला सुराग
फातमानगर में अनमोल होटल के पीछे रहने वाली अकबरूननिसा शमीउद्दीन अंसारी (60) 11 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। बेटे मोहम्मद अतीक अंसारी ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की। महिला का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस से संपर्क किया गया।
22 वर्षीय विवाहिता भी लापता
शांतिनगर पुलिस चौकी के पास तयबा मस्जिद इलाके में रहने वाली 22 वर्षीय विवाहिता 10 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे घर से लापता हो गई। पति वाजिद अहमद अंसारी के अनुसार, काम से लौटने पर पत्नी घर में नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
दो पुरुषों के गायब होने से परिवार चिंतित
गुलजार नगर में नूर मस्जिद के सामने सागर प्लाजा के पास रहने वाले शेर मोहम्मद हुसेन शेख (39) 12 नवंबर को सुबह करीब 11:10 बजे घर से निकले थे। इसके बाद वापस नहीं लौटे। उनकी पत्नी ने शांतिनगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं, आजाद नगर के गायत्रीनगर निवासी मोहम्मद सुगराती हातिम अली शाह (45) 13 नवंबर को दोपहर करीब 4 बजे काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने शुरू की तलाश
पांचों मामलों में पुलिस ने अपहरण की आशंका सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। लगातार लापता हो रहे लोगों को लेकर परिजनों में चिंता का माहौल है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द लापता लोगों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित घर वापस लाने की मांग की है।

