शोरमा खाने से फूड पॉइजनिंग का कहर, मरीजों की संख्या 120 पहुंची

भिवंडी

113 मरीज आईजीएम अस्पताल में भर्ती, 4 ठाणे रेफर; 9 को मिली छुट्टी, बीमारों में 25 बच्चे शामिल

विशेष संवाददाता | भिवंडी

भिवंडी के वंजारपट्टी नाका स्थित ए.के. शोरमा दुकान से शोरमा खाने के बाद फूड पॉइजनिंग का मामला गंभीर होता जा रहा है। शुरुआत में 17 मरीजों से शुरू हुआ सिलसिला अब बढ़कर 120 तक पहुंच गया है। इनमें 60 पुरुष, 35 महिलाएं और 25 बच्चे शामिल हैं। फिलहाल 113 मरीज आईजीएम अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 4 को ठाणे सिविल अस्पताल रेफर किया गया है और 9 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।


        भिवंडी स्व इंदिरा गांधी उपजिला अस्पताल की अधीक्षक माधवी पंधारे के अनुसार सभी मरीजों की हालत फिलहाल सामान्य है। पीड़ितों को उल्टी, दस्त, बुखार और जी मिचलाने जैसी शिकायतें हुई थीं। घटना सामने आने के बाद मनपा, पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित शोरमा दुकान पर तोड़क कार्रवाई की और खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे।इधर मनपा आयुक्त अनमोल सागर के निर्देश पर 25 नवंबर से शहरभर में अनधिकृत शोरमा स्टॉल, फास्ट फूड सेंटर और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, भंडारण और आवश्यक लाइसेंस की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि जून में खंडूपाड़ा इलाके में शोरमा और पिज्जा खाने से 107 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार हुए थे। इसके बावजूद ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ने मनपा और खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *