बिरयानी वाले बयान पर किया पलटवार, ओवैसी और चंद्रशेखर को अक्ल से काम लेने की दी सलाह
अबु तल्हा आज़मी
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए उन्हें अपनी हद में रहने की नसीहत दी है। बिरयानी और दरी उठाने से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आजम खान ने कहा कि जिनके अपने राज्य में महज चार विधायक हैं, वे 400 की बात करते हैं।

आजम खान ने साफ शब्दों में कहा कि अब्दुल दरी नहीं उठाएगा। उन्होंने किसी से दरी उठवाने की बात करने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की सोच पर लानत है। उनके इस बयान को ओवैसी की राजनीति पर सीधा हमला माना जा रहा है।
आजम खान ने ओवैसी के साथ-साथ भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को भी नसीहत देते हुए कहा कि दोनों को अक्ल से काम लेना चाहिए। उन्होंने अपील की कि वे हम पर भी रहम करें और खुद पर भी रहम करें।
आजम खान ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि बात निकलेगी तो बहुत दूर तक जाएगी। इसलिए सभी लोगों को अपनी हद में रहना चाहिए। उनके इस बयान से राजनीतिक गलियारों में नई बहस छिड़ने के आसार हैं।

