2027 में कुंडा से चुनाव लड़ सकते हैं नजम हसन, सपा के बड़े नेताओं ने दी तैयारी करने की सलाह

उत्तर प्रदेश

अबू आसिम आजमी, सलमान खुर्शीद और सांसद पुष्पेंद्र सरोज से की मुलाकात; सपा टिकट के लिए प्रयास का मिला भरोसा, बोले- टिकट मिला तो जनता की सेवा के लिए मैदान में उतरूंगा ।

अबु तल्हा आज़मी (चीफ़ ब्यूरो उत्तर प्रदेश)

कुंडा (प्रतापगढ़)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच कुंडा विधानसभा क्षेत्र संख्या-246 से समाजसेवक नजम हसन के चुनाव लड़ने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। नजम हसन ने दिल्ली पहुंचकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के विधायक अबू आसिम आजमी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद और कौशांबी से सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज से मुलाकात की। इन मुलाकातों के दौरान 2027 के विधानसभा चुनाव और कुंडा क्षेत्र से उनकी संभावित उम्मीदवारी को लेकर चर्चा हुई।

नजम हसन के मुताबिक, तीनों नेताओं ने उनके सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी करने की सलाह दी। साथ ही समाजवादी पार्टी से टिकट दिलाने के लिए अपने स्तर पर प्रयास करने का भरोसा भी दिया। हालांकि, अभी उनकी उम्मीदवारी या सपा टिकट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

कोरोना काल में ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाने का किया जिक्र

सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने अपने आवास पर नजम हसन से करीब आधे घंटे तक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कोरोना महामारी के मुश्किल दौर में किए गए उनके सामाजिक कार्यों का जिक्र किया। सांसद ने कहा कि उस समय नजम हसन ने धर्म का भेदभाव किए बिना जरूरतमंदों तक ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाने का काम किया था। उन्होंने कंधे पर ऑक्सीजन सिलेंडर रखकर लोगों की मदद की और जरूरतमंदों की जान बचाने की कोशिश की।

इस पर नजम हसन ने कहा कि जिंदगी और मौत अल्लाह के हाथ में है। उन्होंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की थी, जबकि शिफा देने वाला अल्लाह है।

हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे पर दिया जोर

अबू आसिम आजमी और सलमान खुर्शीद से मुलाकात के दौरान भी कुंडा की राजनीति और सामाजिक सौहार्द पर चर्चा हुई। नजम हसन ने कहा कि कुंडा की जनता ने उन्हें हमेशा प्यार और सम्मान दिया है। उनकी कोशिश रही है कि हिंदू-मुस्लिम सहित सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर रहें और क्षेत्र में भाईचारा कायम रहे।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी पद या दौलत को हासिल करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। यदि समाजवादी पार्टी से टिकट मिलता है और अल्लाह की मर्जी हुई तो वह कुंडा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।

  बोले- जनता ही चुनती है अपना प्रतिनिधि

नजम हसन ने कहा कि विधायक जनता के प्यार, भरोसे और कामों के आधार पर बनता है। जनता ही अपना प्रतिनिधि चुनती है और जनता ही जिताती या हराती है। उन्होंने कहा कि कुंडा के विकास, हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करना उनका सपना है।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें न गाड़ी-घोड़े का शौक है और न ही दौलत-पैसे का लालच। वह जब तक जीवित रहेंगे, पूरी ईमानदारी से लोगों की सेवा करते रहेंगे।
फिलहाल कुंडा विधानसभा सीट से नजम हसन की उम्मीदवारी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जरूर शुरू हो गई हैं, लेकिन सपा की ओर से टिकट की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सांसद पुष्पेंद्र सरोज और अन्य नेताओं की ओर से प्रयास किए जाने की बात नजम हसन ने कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *