भिवंडी मनपा में जितना बड़ा भ्रष्ट अधिकारी उतना बड़ा मलाईदार पद।

भिवंडी

प्रशासक व आयुक्त अजय वैद्य पर लग रहें हैं गंभीर आरोप।

अब्दुल गनी खान
भिवंडी निजामपुर महानगर पालिका में भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। यहां आय दिन भ्रष्ट्राचार निरोधक ब्यूरो द्वारा छापे मारी के दौरान मनपा के अन्य विभागों में रिश्वतखोर अधिकारियों तथा कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा जा रहा है। बावजूद उन्हें दोबारा भ्रष्ट्राचार करने हेतु मलाईदार पदों पर नियुक्त कर दिया जाता है। जिसके कारण मनपा में भ्रष्टाचार का खेल खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इस क्रम में एनसीपी (शरद चंद्रपावर) की शहर जिला महिला अध्यक्ष स्वाति कांबले ने मनपा में हो रहे भारी भ्रष्ट्राचार को बढ़ावा देने का आरोप प्रशासक तथा मनपा आयुक्त अजय वैद्य पर लगते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री व मंत्रालय की मुख्य सचिव, शहर विकास विभाग मंत्रालय, ठाणे जिला अधिकारी को लिखित पत्र देकर भिवंडी मनपा में फैले भ्रष्ट्राचार के खेल की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

महिला अध्यक्ष स्वाति कांबले ने दिए गए ज्ञापन में बताया कि जयवंत मुरलीधर सोनावने जब प्रभाग समिति ४ में स्वास्थ्य निरीक्षक के रूप में कार्यरत थे तब उन्हें भ्रष्ट्राचार के कारण तत्कालीन आयुक्त पंकज अशिया ने जांच के दौरान निलंबित कर दिया था। परंतु आयुक्त अजय वैद्य ने जयवंत सोनावने को मनपा स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर नियुक्त कर दिया है।इसी तरह कर विभाग के प्रमुख अधिकारी सुदाम जाधव को एसीबी ने डेढ़ लाख रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। जिसकी विभागीय जांच चल रही है। बावजूद आयुक्त वैद्य ने सुदाम जाधव को अनधिकृत निर्माण विभाग एवं पर्यावरण विभाग का नियंत्रण अधिकारी के पद पर नियुक्त कर दिया है।
इसी तरह शिक्षण विभाग में कार्यरत लिपिक अविनाश वारघडे को ५० हजार रूपये रिश्वत लेते एसीबी ने पकड़ा था। उसे भी दोबारा वही विभाग में मलाईदार पद पर नियुक्त कर दिया गया है। मनपा के प्रभाग समिति तीन के बीट निरीक्षक रमाकांत म्हात्रे पकड़े गए थे जिन्हें भी आयुक्त अजय वैद्य द्वारा दोबारा प्रभाग समिति दो में बीट निरीक्षक पद पर नियुक्त कर दिया है। आस्थापना विभाग के लिपिक बाला एन जाधव को ५० हजार रूपये रिश्वत लेते एसीबी ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। जिसे वैद्य ने प्राथमिक शिक्षण विभाग में मलाईदार पद पर नियुक्त कर दिया है। इसी तरह स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत क्लार्क हेमंत वाल्मिक महाजन को गैर व्यवहार व भ्रष्ट्राचार के आरोप में निलंबित कर दिया गया था जिसे दोबारा मनपा आयुक्त ने वही पद पर नियुक्त कर दिया है। इस तरह का आरोप लगाते हुए एनसीपी की भिवंडी महिला अध्यक्ष स्वाति कांबले ने कहा है कि उक्त सभी अधिकारी व कर्मचारियों की विभागीय जांच अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। जिन्हें अब भी दोषी माना जा रहा है। इस संबंध में कई राजनीतिक कार्यकर्ताओं व समाजसेवकों ने इन सभी भ्रष्ट अधिकारियों तथा कर्मचारियों की जांच की शिकायत प्रशासक तथा मनपा आयुक्त से की है। परंतु आयुक्त अजय वैद्य इस प्रकरण में उत्तर देने में असमर्थ है।

कांबले ने कहा कि विभागीय जांच ना होने के बावजूद उक्त अधिकारियों पूरी व कर्मचारियों को कार्यकारी पद देना नियम का उल्लंघन है। कांबले का आरोप है कि इन नियुक्तियों में आयुक्त अजय वैद्य ने भारी भ्रष्ट्रचार तथा गड़बड़ी की है। जिसकी गहनता से जांच होना आवश्यक है। यदि जांच में आयुक्त अजय वैद्य दोषी है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *