पूर्व में चली सायकिल,पश्चिम में खिला कमल,ग्रामीण में शिवसेना का जलवा रहा कायम

भाजपा के महेश चौघुले व शिवसेना के शांताराम मोरे ने जीत की हैट्रिक लगाकर रचा इतिहास

आदिल नोमानी
भिवंडी की तीन विधानसभा क्षेत्र में पूर्वरत स्थिति कायम रहा।भिवंडी पूर्व में जहां जमकर सायकिल चली,वही पश्चिम में पुनः कमल खिला,जबकि ग्रामीण क्षेत्र में धनुष्य बाण का जलवा कायम रहा।तीनो विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा तीनों विधायक ने पुनः जीत दर्ज की है।पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी महेश चौघुले तो ग्रामीण में शिवसेना शिंदे गुट के शांताराम मोरे ने जीत की हैट्रिक लगाते हुए इतिहास रच दिया है।जबकि सपा के रईस शेख ने दूसरी बार जीत दर्ज करने में सफल रहे। तीनो विधानसभा क्षेत्र में अभी तक किसी भी उम्मीदवार ने लगातार तीन बार जीत दर्ज नहीं की थी।
भिवंडी पश्चिम विधानसभा सीट पर भाजपा ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। इस सीट पर भाजपा विधायक महेश चौघुले ने विरोधियों को पछाड़ते हुए अपनी विजय यात्रा को जारी रखा है। उन्होंने सपा प्रत्याशी को 31,293 मतों से हराया।भाजपा के महेश चौघुले को 70,172 वोट मिले,जबकि रियाज़ आज़मी को 38,879 वोट मिले है।अन्य उम्मीदवारों में निर्दलीय विलास पाटिल 31,579 वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहे।वही कांग्रेस प्रत्याशी दयानंद चोरघे को 21,980 वोट व एमआईंएम के वारिस पठान को 15,800 वोट मिले,जो इस सीट पर मुख्य दावेदार थे। इस सीट पर कुल 14 लोग चुनावी रण में थे।मतगणना शुरू होने के बाद से ही भाजपा आगे चलना शुरू किया।कई बार मुकाबला कुछ अंतर पर आ गया और अंत में भाजपा की जीत हुई।

इसी तरह भिवंडी पूर्व विधानसभा सीट पर सपा का परचम लहराया है। इस सीट पर सपा के रईस कासम शेख ने अपने प्रदर्शन से एक बार फिर जनता का विश्वास जीतने में सफल रहे। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी शिवसेना शिंदे गुट के संतोष शेट्टी को 51,784 वोटों के बड़े अंतर से हराया। रईस शेख को इस बार कुल 1,19,454 वोट मिले, जबकि शिवसेना शिंदे गट के संतोष शेट्टी को 67,670 वोट मिले हैं। इसके आलावा मनसे के मनोज गुलवी 1,003 मत पाकर तीसरे नंबर पर रहे।जबकि अन्य कोई भी उम्मीदवार यहां खास प्रभाव नहीं डाल सका। इस सीट पर भी कुल 11 लोग चुनावी मैदान में थे।
भिवंडी ग्रामीण सीट शिवसेना शिंदे गुट का दबदबा बरकरार रहा है। इस सीट पर शिवसेना शिंदे गुट के शांताराम मोरे ने जीत की हैट्रिक लगाते हुए शिवसेना उद्धव गट के महादेव घाटाल को 57,962 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया। शांताराम मोरे को 1,27,205 वोट जबकि महादेव घटाल को 69,243 वोट मिले। वही निर्दलीय प्रत्याशी मनीषा ठाकरे 24,304 और मनसे की वनिता कथोरे को 13,816 वोट मिले।

भिवंडी के मतदाताओं ने जहां प्रमुख दलों का समर्थन किया।भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) की मजबूत पकड़ को दर्शाया, जबकि सपा ने यह साबित किया कि भिवंडी पूर्व में उनकी स्थिति अडिग है। इन परिणामों से यह साफ हो गया है कि भिवंडी में राजनीति की तस्वीर बदल रही है और आने वाले चुनावों में बड़े उलटफेर हो सकते है।
भिवंडी पूर्व के 2 लाख 15 हजार 50 पुरुष, 1 लाख 58 हजार 407 महिला वह 188 अन्य मतदाता मिलाकर कुल 3 लाख 73 हजार 645 मतदाता थे।जिसमें से 1 लाख 05 हजार 504 पुरुष, 85 हजार 566 स्त्री और 27 अन्य मतदाताओं सहित कुल 51.14 फ़ीसदी यानी 1 लाख 91 हजार 97 लोगों ने मतदान किया था। जिसमें 49.06 फ़ीसदी पुरुष, 54.02 फ़ीसदी महिला और 14.36 फ़ीसदी अन्य मतदाताओं का समावेश है। इसी तरह भिवंडी पश्चिम में भी 1 लाख 89 हजार 953 पुरुष, 1 लाख 43 हजार 926 महिला व 158 अन्य सहित कुल 3 लाख 34 हजार 37 मतदाता है।जिसमे से 1 लाख 607 पुरुष, 81 हजार 58 महिला व 17 अन्य सहित कुल 1 लाख 81 हजार 682 मतदाताओं ने कुल 54.39 फ़ीसदी मतदान किया है। जिसमें 52.96 फ़ीसदी पुरुष, 56.32 फ़ीसदी महिला और 10.76 फ़ीसदी अन्य मतदाताओं का समावेश है।
