अब्दुल गनी खान (कल्याण)
अंबरनाथ भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की पूर्वसंध्या पर अंबरनाथ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 5 अप्रैल की शाम को अंबरनाथ (पूर्व) के बी कॅबिन रोड पर स्थित भाजपा के पूर्व नगरसेवक रोहित महाडिक के जनसंपर्क कार्यालय पर 12 लोगों की टोली ने तलवारों से हमला कर दिया।

इस हमले में कार्यालय के प्रमुख कृष्णा गुप्ता (उम्र 22 वर्ष) को गंभीर रूप से पीटा गया और कार्यालय में भारी तोड़फोड़ की गई। इस घटना में कार्यालय का काफी नुकसान हुआ है। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस ने इस मामले में आशुतोष कराळे उर्फ डक्या (23) और गाणी रफिक शेख (25) सहित अन्य 10 हमलावरों के खिलाफ शिवाजीनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रमेश पाटील ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
इस हमले से स्थानीय राजनीतिक वातावरण में हलचल मच गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं में इस घटना को लेकर आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।