अब्दुल गनी खान
भिवंडी के कारीवली गांव स्थित खाड़ी के पास एक ब्यति की हत्या के मामले को ठाणे पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

भोईवाडा पुलिस थाना,की हद में कारीवली गांव के पास खाड़ी के किनारे 500 मीटर अंदर मृतक फरहत इखलाक अहमद शेख का शव मिला था। उसे किसी धारदार हथियार से मारकर हत्या की गई थी। इस संबंध में भोईवाडा पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ IPC 2023 की धारा 103(1), 140(1), 309(6), 351(4) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच, घटक-2 भिवंडी की टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में त्वरित जांच शुरू की। घटनास्थल से कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं मिलने के बावजूद पुलिस टीम ने गुप्त जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर हत्यारे की पहचान की।

आरोपी की पहचान काजुकुमार रजेंद्र राम (उम्र 21 वर्ष, निवासी – हिरापुर मच्छहटी, तहसील केराकत, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, लेकिन पिछले तीन वर्षों से अपने पिता के साथ कारीवली गांव, भिवंडी में रहकर लूम फैक्ट्री में काम कर रहा था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक फरहत शेख से उसका पहले से परिचय था। मृतक उसे अनैतिक संबंध के लिए मानसिक रूप से परेशान करता था और बार-बार गाली-गलौच करता था। इसी बात से नाराज़ होकर उसने हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अपर पुलिस आयुक्त (गुन्हे) डॉ. पंजाबराव उगले, पुलिस उपायुक्त अमरसिंह जाधव, सहायक पुलिस आयुक्त शेखर बागडे के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। इस ऑपरेशन में वपोनि जनार्दन सोनवणे, सपोनि श्रीराज माळी, पोउनि रविंद्र पाटील व पथक के अन्य अधिकारी व कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।