भिवंडी, प्रतिनिधि : अब्दुल गनी खान
भिवंडी में अपराधियों ने बीती रात संगठित तरीके से चार बड़ी वारदातों को अंजाम देकर शहरवासियों को दहशत में डाल दिया। अलग-अलग थानों में दर्ज शिकायतों से साफ है कि अपराधी अब खुलेआम सक्रिय हो गए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना शांतिनगर पुलिस थाने की हद में पोश एरिया अरिहंत सोसाइटी से सामने आई। मेडिकल व्यवसायी संदीप सुभाषचंद्र दुबे के मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर नकदी और सामान लेकर फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुबे को चोरी का पता चलते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
दूसरी वारदात कोनगांव पुलिस ठाणे क्षेत्र में घटी। वासुदेव पाटील नगर स्थित जमुनाई अपार्टमेंट में रहने वाले अमोल ताराचंद परदेशी के घर से उनकी घरेलू कामगार महिला रश्मी रमेश देवरेकर 48 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई। भरोसे का फायदा उठाकर की गई इस चोरी से परिसर में सनसनी फैल गई है।
तीसरी वारदात सबसे बड़ी मानी जा रही है। नारपोली थाने अंतर्गत सांरग गांव स्थित उन्नती वुड्स सोसाइटी के निवासी हिरोजी दिगंबर राणे ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी कंपनी यार्ड से अज्ञात चोरों ने 39 लाख 65 हजार रुपये की कीमत की एल्युमिनियम मायवान प्लेट गायब कर दी।
चौथी वारदात शहर पुलिस थाने क्षेत्र में हुई। यहां मोहम्मद हारून हासिम शेख की स्कूटी (MH-04-KM-2699) दुकान के बाहर से चोर उठा ले गए। सुबह वाहन गायब होने पर मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
लगातार चार बड़ी वारदातों ने भिवंडी पुलिस की नींद उड़ा दी है। ठाणे पुलिस उपायुक्त (परिमंडल–2) के निर्देश पर जांच तेज कर दी गई है। अधिकारी दावा कर रहे हैं कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर मामलों का पर्दाफाश किया जाएगा।

