अब्दुल गनी खान
भिवंडी के भोईवाड़ा पुलिस थाने की टीम ने एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए पत्नी का गला काटकर बेरहमी से हत्या करने और सबूत नष्ट करने की कोशिश करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।

30 अगस्त 2025 की सुबह लगभग 11:30 बजे ईदगाह रोड झोपड़पट्टी, स्लॉटर हाउस के पास खाड़ी में एक महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-2) और सहायक पुलिस आयुक्त (पश्चिम विभाग) मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि महिला की उम्र लगभग 25-30 वर्ष है और उसे किसी धारदार हथियार से मारकर सिर अलग किया गया था। मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने तुरंत गुन्हा क्र. 599/2025, भा.दं.सं. की धारा 103(1), 238 के तहत अपराध दर्ज किया।

जांच के दौरान मृतका की पहचान परवीन उर्फ मुस्कान (20), निवासी नवी वस्ती, भिवंडी के रूप में हुई। उसकी माँ हनीफा खान ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी का दो दिन से फोन बंद था और उसके पति मोहम्मद ताहा उर्फ सोनू (25) से भी कोई संपर्क नहीं हो रहा था। फोटो देखकर माँ ने पुष्टि की कि बरामद सिर उनकी बेटी का ही है। साथ ही, उन्होंने शक जताया कि हत्या उनकी बेटी के पति ने ही की है।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद ताहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो वह टालमटोल करता रहा, लेकिन बाद में उसने कबूल किया कि उसने पत्नी परवीन का गला काटकर हत्या की और सबूत छुपाने के लिए शव के टुकड़े खाड़ी में फेंक दिए। पुलिस ने आरोपी के पास से दो चाकू बरामद किए और उसके घर की तलाशी में खून के धब्बे मिले।
मृतका का धड़ अब भी खाड़ी से बरामद किया जाना बाकी है। फॉरेंसिक टीम की मदद से खोज जारी है।
इस तरह की जानकारी पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे ने पत्रकार परिषद में दी।
इस सफल कार्रवाई में पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे और सहायक पुलिस आयुक्त विजय मराठे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक रत्नपारखी, पोनि प्रमोद कुंभार सहित पूरी टीम ने किया।

