अब्दुल गनी खान भिवंडी
स्वच्छता की शपथ लेने वाली भिवंडी निजामपुर महानगर पालिका की असलियत आज फिर खुलकर सामने आ गई। वार्ड नं. 18, सुप्रीम होटल के सामने एक टूटी गटर और खुले चेंबर में टेंपो का पहिया बुरी तरह फंस गया। अचानक हुए इस हादसे से टेंपो चालक हक्का-बक्का रह गया।

स्थानीय समाजसेवक अबू सामा खान और उनके साथियों ने मौके पर पहुंचकर अपनी मेहनत से टेंपो को बाहर निकाला। घटना के बाद खान ने प्रभाग समिति 4 के सहायक आयुक्त गिरीश घोष्टकर को फोन कर गटर की बदहाली बताई, लेकिन घंटों गुजरने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

अबू सामा खान ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा—
“वार्ड नं. 18 पूरी तरह लावारिश हो चुका है। जगह-जगह टूटी गटरें, खुले चेंबर और जर्जर इमारतों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे हादसे भी बढ़ रहे हैं और बीमारियों का खतरा भी। मगर मनपा अधिकारी एसी दफ्तरों में बैठे चैन की बंसी बजा रहे हैं।”

उन्होंने प्रशासक एवं आयुक्त अनमोल सागर से मांग की है कि तुरंत गटरों की मरम्मत करवाई जाए और गैरजिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, वरना भविष्य में कोई बड़ा हादसा होना तय है।

