अब्दुल गनी खान (ठाणे)
मीरा-भाईंदर : मुंबई और मीरा-भाईंदर के बीच लंबे समय से नागरिकों की चली आ रही मांग को देखते हुए दहिसर टोल नाका स्थानांतरित करने का निर्णय प्रशासन ने लिया है। इसी सिलसिले में आज महाराष्ट्र राज्य के परिवहन मंत्री एवं धाराशिव जिले के पालकमंत्री माननीय प्रताप इंदिराबाई बाबुराव सरनाईक ने दहिसर टोल नाका तथा वर्सोवा पुल के समीप स्थित नर्सरी परिसर (नया टोल नाका स्थल) का निरीक्षण दौरा किया।

उपमुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे के मार्गदर्शन में हुई बैठक में इस निर्णय पर अंतिम मुहर लगाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि दिवाली से पहले ही टोल नाका नए स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री सरनाईक ने कहा,
“दहिसर टोल नाके के कारण नागरिकों को रोज भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता था। इससे न केवल ईंधन की बर्बादी होती थी बल्कि प्रदूषण भी बढ़ता था और यात्रियों को काफी देर लगती थी। 15 लाख से अधिक स्थानीय लोगों को इसका प्रत्यक्ष त्रास सहन करना पड़ रहा था। इसलिए इसे वर्सोवा पुल के पास नर्सरी के निकट स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है। इस कदम से मीरा-भाईंदर और मुंबई के बीच का सफर अधिक सुगम होगा और नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि इस निर्णय से मीरा-भाईंदर क्षेत्र के नागरिकों को दिवाली से पहले टोल-मुक्त यात्रा का तोहफा मिलेगा।
निरीक्षण दौरे के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के प्रबंध निदेशक श्री सुहास चिटणीस, मीरा-भाईंदर महानगरपालिका आयुक्त श्री राधाबिनोद शर्मा, मीरा-भाईंदर-वसई-विरार पुलिस आयुक्त श्री निकेत कौशिक, यातायात पुलिस उपायुक्त श्री अशोक वीरकर, महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल के अधिकारी, एनएचएआई के प्रतिनिधि तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

