अब्दुल गनी खान
भिवंडी। फेना पाड़ा कामत घर तक जाने वाली सड़क के निर्माण कार्य पर भारी भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। जन कल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष मंगेश यादव ने बताया कि यह सड़क मनपा आयुक्त के बंगले से लेकर फेना पाड़ा कामत घर तक कंक्रीट से आर सी सी बनाई जा रही है। फिलहाल कार्य प्रगति पर है, लेकिन सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और चीर साफ नजर आने लगे हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क पूरी तरह तैयार भी नहीं हुई और पहले ही इसमें दरारें दिखाई देने लगी हैं। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है और मनपा अधिकारियों की मिलीभगत से ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं।

नागरिकों ने मांग की है कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की जाए तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि जनता के पैसों की लूट बंद हो सके और शहरवासियों को टिकाऊ सड़कें मिल सकें।

