भिवंडी मनपा के नए वार्ड संरचना पर आपत्तियों की बाढ़, 84 आपत्तियां दायर

भिवंडी

मीरा-भाइंदर मनपा आयुक्त की उपस्थिति में 18 सितंबर को दोपहर में होगी सुनवाई

भिवंडी मनपा चुनाव नजदीक होने चलते मनपा प्रशासन ने अपनी वार्ड संरचना को फिर से तैयार किया है। इस नई वार्ड संरचना के संबंध में आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख तक कुल 84 आपत्तियां मनपा चुनाव विभाग में दायर की गई हैं।


भिवंडी मनपा के आम चुनावों के लिए 2011 की जनगणना के आधार पर जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए वार्ड संरचना बनाई गई है। 3 सितंबर को घोषित इस संरचना के तहत कुल 23 वार्डों में 90 सदस्य होंगे। खास बात यह है कि 2017 में बनी वार्ड संरचना को ही बरकरार रखा गया है, बस कुछ जगहों पर सीमाओं के नामों में बदलाव किए गए हैं।
15 सितंबर तक आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि में 84 आपत्तियां दायर की गईं। शुक्रवार तक 39 आपत्तियां दर्ज हुई थीं, जबकि मंगलवार को आखिरी दिन 45 नई आपत्तियां आने से कुल संख्या 84 तक पहुंच गई है। इन आपत्तियों पर सुनवाई के लिए चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, ठाणे के जिलाधिकारी ने मीरा-भाइंदर महानगरपालिका के आयुक्त राधाबिनोद शर्मा को नियुक्त किया है।
अब ये सुनवाई गुरुवार, 18 सितंबर को दोपहर 12 बजे आयुक्त के बैठक सभागार में होगी।उक्त जानकारी देते हुए चुनाव विभाग के उपायुक्त विक्रम दराडे ने अपील की है कि सभी आपत्ति दर्ज कराने वाले लोग उचित दस्तावेजों के साथ इस दौरान उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *