अब्दुल गनी खान
भिवंडी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हाल ही में संपन्न हुई 56वीं जीएसटी काउंसिल बैठक में लिए गए निर्णयों को लेकर भिवंडी के भाजपा विधायक महेश चौघुले ने कहा कि “जीएसटी-2 आम जनता के लिए खुशियों का पिटारा साबित होगा।”

गुरुवार को जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में विधायक चौघुले ने बताया कि अब तक जीएसटी की दरें 5, 12, 18 और 28 प्रतिशत थीं। लेकिन नई कर प्रणाली में इसे घटाकर केवल 5 और 18 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं विलासिता की वस्तुओं और तंबाकू उत्पादों पर 40 प्रतिशत कर का प्रावधान रखा गया है।
आम जनता को बड़ी राहत
चौघुले ने कहा कि रोज़मर्रा की जरूरतों की वस्तुओं, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा से जुड़ी सामग्री पर अधिकांश जीएसटी समाप्त कर दिया गया है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कृषि यंत्रों पर कर घटाकर केवल 5 प्रतिशत कर दिया गया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह कदम न केवल आम लोगों को राहत देगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती भी प्रदान करेगा।
उद्योग से उपभोक्ता तक लाभ
इस अवसर पर भाजपा भिवंडी शहर जिला जीएसटी प्रमुख प्रितेश ठक्कर ने कहा कि नई कर प्रणाली से हर वर्ग को फायदा होगा—“उद्योग जगत, किसान, व्यापारी और उपभोक्ता सभी के लिए यह फैसला लाभकारी है।”
सकारात्मक व्यापारिक माहौल
कार्यक्रम में भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रवि सांवत, राजू गाजेगी, प्रवीण मिश्रा, श्याम भोईर, विकास जैन, भरत भाटी, सुंगधा टावरे और कल्पना शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नेताओं ने आशा व्यक्त की कि जीएसटी-2 से कराधान प्रणाली और अधिक सरल होगी, व्यापारिक माहौल सकारात्मक बनेगा तथा बाजार में नई ऊर्जा के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

