अब्दुल गनी खान
वाराणसी, 20 सितंबर 2025 – वाराणसी की सड़कों पर कानून-व्यवस्था की नई परिभाषा गढ़ने वाली एडीसीपी नीतू कात्यान आज पुलिस विभाग में ‘लेडी सिंघम’ के नाम से जानी जाती हैं। निडरता, कड़े फैसले और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर उन्होंने न केवल बनारस में, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस बल में अपनी अलग पहचान बनाई है।
कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा और अनुशासन ने उन्हें ऐसा अधिकारी बनाया है, जिन पर अधीनस्थ पुलिसकर्मी गर्व करते हैं। नीतू कात्यान सिर्फ एक सख्त अफसर नहीं, बल्कि अपने सहयोगियों के लिए मार्गदर्शक और अभिभावक की भूमिका भी निभाती हैं। यही वजह है कि उनकी कार्यशैली पुलिस विभाग के लिए एक आदर्श उदाहरण बन चुकी है।

वरुणा जोन में उनकी तैनाती के दौरान, उन्होंने कई माफिया और अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए अवैध कारोबार ध्वस्त किए। अवैध शराब माफिया के खिलाफ की गई निर्णायक कार्रवाई और गैंगवार की आशंका को समय रहते विफल करने की उनकी सूझबूझ ने शहर में शांति कायम रखने में बड़ी भूमिका निभाई। वहीं, महिला सुरक्षा के लिए चलाए गए विशेष अभियान ने युवतियों और महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत किया।
नीतू कात्यान का नाम आज साहस, ईमानदारी और कड़े प्रशासनिक फैसलों का पर्याय बन चुका है। वे सिर्फ एक अधिकारी ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गौरव और सम्मान का प्रतीक हैं।

