भिवंडी: कल्याण रोड चौड़ीकरण पर सपा में खींचतान, आज़मी सक्रिय तो विधायक नदारद

भिवंडी महाराष्ट्र

अब्दुल गनी खान
भिवंडी शहर में कल्याण रोड चौड़ीकरण को लेकर समाजवादी पार्टी के अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आज़मी ने व्यापारी संघ और धार्मिक स्थलों के ट्रस्टों के साथ मिलकर पालिका आयुक्त अनमोल सागर से मुलाकात की और धार्मिक स्थलों को सुरक्षित रखने की मांग को मजबूती से रखा।

आज़मी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर मंदिर, मस्जिद, दरगाह, कब्रिस्तान और बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है।

पत्रकारों से बातचीत में आज़मी ने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं और दलालों ने भ्रष्टाचार कर डीपी प्लान में छेड़छाड़ करवाई है। पहले कई ज़मीनें आरक्षित की गईं और बाद में उनका आरक्षण रद्द कर दिया गया। इस पूरे मामले की एसआईटी जांच की मांग भी आज़मी ने उठाई।

इस दौरान धार्मिक ट्रस्टियों ने भी आयुक्त को लिखित आदेश जारी करने का निवेदन सौंपा, जिसमें मांग की गई है कि विकास आराखड़े से धार्मिक स्थलों को बाहर रखा जाए।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में भिवंडी के सपा विधायक रईस क़ासिम शेख की गैरमौजूदगी ने राजनीतिक हलचल को और बढ़ा दिया। जब प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संघर्ष खड़ा हुआ, तब विधायक की चुप्पी और दूरी साफ दिखाई दी। स्थानीय स्तर पर पार्टी की सक्रियता का भार पूरी तरह से आज़मी के कंधों पर नजर आया।

धार्मिक ट्रस्टियों ने चेतावनी दी है कि यदि दस दिनों में आयुक्त का लिखित आदेश जारी नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *