अशोक नगर चौक के सुशोभीकरण और सुरक्षा की मांग तेज

भिवंडी महाराष्ट्र

अब्दुल गनी खान
भिवंडी के अशोक नगर स्थित “शके शालिवाहन अमर शहीद राव राम बख्श सिंह चौक” के सुशोभीकरण और सुरक्षा को लेकर शालिवाहन सेवाभावी संस्था (रजि.) ने आवाज़ बुलंद की है। संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष विनोद चन्द्रनाथ त्रिपाठी ने भिवंडी पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक रईस कासम शेख को पत्र सौंपते हुए चौक के पुनर्विकास की मांग रखी।

संस्था ने अपने निवेदन में कहा कि यह चौक विधायक निधि से निर्मित हुआ था और इसका विशेष महत्व है। शके संवत भारत सरकार का राष्ट्रीय कैलेंडर है, जिस पर हिंदू धर्म के पर्व-त्योहार, धार्मिक कार्यक्रम और विवाह मुहूर्त आधारित होते हैं। इसलिए चौक का संरक्षण और सौंदर्यीकरण समाज की आस्था से जुड़ा हुआ विषय है।संस्था ने चौक परिसर में गार्डन का निर्माण, पेवर ब्लॉक, ग्रिल, बैठने की बेंच और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की मांग की है। इसके लिए लगभग 15 लाख रुपये विधायक निधि से उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया गया है।अध्यक्ष विनोद त्रिपाठी ने बताया कि चौक की अनदेखी से क्षेत्र असुरक्षित होता जा रहा है और यहां गंदगी फैलने लगी है,महानगरपालिका क्षेत्र में होने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि संस्था के पदाधिकारी प्रतिदिन पानी से चौक की धुलाई कर उसे स्वच्छ रखने का प्रयास करते हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चौक के शीघ्र सुशोभीकरण और सुरक्षा की दिशा में कदम नहीं उठाए गए तो यह समाज की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला होगा। संस्था ने विधायक के साथ-साथ भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका प्रशासन से भी त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *