वाहन चोरी करने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार, पांच स्कूटर बरामद

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी:शांतिनगर पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पांच चोरी की स्कूटरें और मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

मामला 21 और 22 सितंबर की दरमियानी रात का है, जब गैबीनगर स्थित खान कंपाउंड रोड पर रहने वाले एक व्यक्ति की नेट्रो 125 स्कूटर (क्रमांक MH 04-LK 2877) चोरी हो गई थी। इस संबंध में शांतिनगर थाने में भा.न्या. संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की स्कूटर भिवंडी क्षेत्र में एक व्यक्ति के पास है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने खंडूपाड़ा इलाके से मोईनुद्दीन अलाउद्दीन अंसारी (33) को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने शांतिनगर क्षेत्र में हुई चार और वाहन चोरी की वारदातों की भी कबूलियत की। उसकी निशानदेही पर पांच चोरी की स्कूटरें और मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही चार वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे, सहायक पुलिस आयुक्त सचिन सांगले, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़, निरीक्षक (प्रशासन) विनोद पाटिल और निरीक्षक (गुन्हे) अतुल अडूरकर के मार्गदर्शन में की गई। इसमें उपनिरीक्षक सुरेश चोपड़े, हवलदार रिजवान शेख, राजेश पाटील, निलेश महाले, प्रशांत बर्वे, रोशन जाधव, नाजीम शेख, भूषण पाटील और निलेश पाटील शामिल थे। पुलिस को विश्वास है कि आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़ी और वारदातों का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *