केमिकल गोदाम में भीषण आग, करोड़ों का माल जलकर खाक

ठाणे भिवंडी

आदिल नोमानी
भिवंडी के सावदे गांव इलाके में रविवार रात एक केमिकल गोदाम में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने देखते ही देखते पास के एक अन्य बड़े गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि दोनों गोदामों में कपड़ा, कागज, केमिकल और अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। घटना रविवार रात करीब 9 बजकर 45 मिनट पर हुई। चश्मदीदों के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें आसमान तक उठने लगीं। सूचना मिलते ही भिवंडी महानगरपालिका के अग्निशमन दल की दो गाड़ियां और एक टैंकर मौके पर पहुंचा। आग पर काबू पाने के लिए कल्याण-डोंबिवली और उल्हासनगर महानगरपालिकाओं की फायर ब्रिगेड की टीमें भी बुलाई गईं। फायर ब्रिगेड के जवानों ने पूरी रात मशक्कत कर सुबह तक आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक गोदाम की छत पूरी तरह गिर चुकी थी और भीतर रखा सारा माल जलकर राख हो गया। भिवंडी अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “गोदाम में कपड़ा, कागज और केमिकल जैसे ज्वलनशील पदार्थ रखे थे, जिसकी वजह से आग तेजी से फैल गई। सौभाग्य से रविवार का दिन होने के कारण गोदाम बंद था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।”अधिकारियों का कहना है कि आग को पूरी तरह नियंत्रण में लाने में करीब चार से पांच घंटे का समय लगा। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। फायर ब्रिगेड और पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *