केनिया को मात देकर जीते 7 स्वर्ण, 6 रजत और 4 कांस्य पदक
अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी शहर के कराटे खिलाड़ियों ने गोवा के मेसा स्थित पदम इंडोर स्टेडियम में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भिवंडी का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में भारत, केनिया, ऑस्ट्रेलिया, नेपाल और श्रीलंका सहित लगभग दो हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें भिवंडी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर कई पदक अपने नाम किए।

भिवंडी के ऑल स्पोर्ट्स कराटे डू फाउंडेशन और भिवंडी यूथ स्पोर्ट्स अकादमी से कुल 12 खिलाड़ियों ने इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया। काता और कुमिते वर्ग में उम्दा प्रदर्शन करते हुए उन्होंने कुल 7 स्वर्ण, 6 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर शहर का गौरव बढ़ाया।
विशेष रूप से, प्रतियोगिता के दौरान भिवंडी के खिलाड़ियों का मुकाबला केनिया के खिलाड़ियों से हुआ, जिसमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजयी स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में लिटिल चैप स्कूल की संस्थापिका खिलना शाह और कल्पेश शाह, मास्टर अली मेमन, फिरोज मेमन तथा अरविंद जैसवार द्वारा सभी विजेता खिलाड़ियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे।
कराटे कोच अली मेमन, अंबर मेमन, सर्वेश साहनी, सालिक अंसारी, आफताब सर और अरकम सर ने खिलाड़ियों को इस मुकाम तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके अथक परिश्रम और मार्गदर्शन से ही भिवंडी के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर यह सफलता हासिल की।
भिवंडी के इन युवा खिलाड़ियों की इस जीत ने शहरवासियों में गर्व और उत्साह का माहौल पैदा कर दिया है।

