श्रमिक संगठन CITU ने पालिका प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
अब्दुल गनी खान
भिवंडी।शहर में रिक्शा चालकों की समस्याओं को लेकर लालबावटा रिक्शा चालक मालक युनियन (CITU) ने भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका को लिखित शिकायत दी है। संगठन ने तीनबत्ती नाका स्थित अधिकृत रिक्शा स्टैंड पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

यूनियन के अध्यक्ष कॉ, सुनील चव्हाण और तीनबत्ती स्टैंड प्रमुख कॉ. शफीक मामीन के हस्ताक्षरित पत्र में कहा गया है कि तीनबत्ती नाका क्षेत्र में वर्षों से रिक्शा चालक अपना व्यवसाय चला रहे हैं, परंतु अब कुछ लोगों ने अधिकृत रिक्शा स्टैंड के परिसर पर अवैध कब्जा जमा लिया है। इस कारण रिक्शा चालकों को खड़ा होने के लिए जगह नहीं मिल रही और यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि तीनबत्ती नाका चौकी, जेठुभाई शेरिफ गली, और आसपास के इलाकों में रिक्शा चालकों को प्रतिदिन ट्रैफिक पुलिस और अन्य लोगों के उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। कई बार पुलिस द्वारा बिना कारण चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि इस अतिक्रमण को शीघ्र नहीं हटाया गया तो रिक्शा चालकों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। उन्होंने मनपा प्रशासन से मांग की है कि तीनबत्ती नाका स्थित रिक्शा स्टैंड का सर्वे कर अवैध कब्जे को तुरंत हटाया जाए और रिक्शा चालकों को उनके निर्धारित स्थान पर काम करने की सुविधा दी जाए।
पत्र की प्रतिलिपि भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका के आयुक्त तथा प्रभाग समिति क्रमांक 5 को भी भेजी गई है।

