पवई में हुई सनसनीखेज वारदात, पुलिस ने सभी बच्चों को सकुशल छुड़ाया
अब्दुल गनी खान
मुंबई के पवई इलाके में गुरुवार को हुए एक सनसनीखेज घटनाक्रम में रोहित आर्या नामक ठेकेदार ने 17 मासूम बच्चों को बंधक बना लिया। पुलिस और कमांडो की त्वरित कार्रवाई में सभी बच्चों को सुरक्षित छुड़ा लिया गया, जबकि आरोपी रोहित आर्या एनकाउंटर में मारा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रोहित आर्या ने पवई स्थित RA स्टूडियो में वेब सीरीज के ऑडिशन के बहाने करीब 100 बच्चों को बुलाया था। बाद में उसने उनमें से 17 बच्चों और दो बुजुर्गों को बंधक बना लिया। इस दौरान उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा कि उसकी कुछ “डिमांड्स और सवाल” हैं, और वह कोई आतंकी नहीं है।
वीडियो में उसने यह भी चेतावनी दी कि यदि उसके साथ कुछ हुआ तो बच्चों को नुकसान पहुंचेगा और उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और कमांडो टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे चली बातचीत और ऑपरेशन के बाद सभी बंधकों को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, मृत आरोपी रोहित आर्या पुणे का रहने वाला था और ठेकेदार के रूप में काम करता था। बताया जा रहा है कि शिवसेना सरकार के दौरान शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर के कार्यकाल में उसे एक स्कूल निर्माण का टेंडर मिला था। काम पूरा करने के बावजूद उसे भुगतान नहीं मिला, जिसके चलते वह आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहा था। इस मुद्दे पर उसने कई बार मंत्री के घर के बाहर प्रदर्शन भी किया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एनकाउंटर के बाद स्टूडियो परिसर की तलाशी ली गई है और घटना की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आर्या के साथ किसी और की संलिप्तता थी या नहीं।
यह घटना मुंबई शहर में सुरक्षा व्यवस्था और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े ऑडिशन आयोजनों की निगरानी पर कई गंभीर सवाल खड़े करती है।

